टाइम्स नाउ मध्य प्रदेश संवादाता सुखनन्दन उइके भीमपुर
किसानों के बिजली कनेक्शन काटे, मोटर-पंप जब्त; ग्रामीणों ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की
गांव में गहराया पेयजल संकट
भीमपुर। आदिवासी विकासखंड भीमपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंड बकाजन-1 के ग्राम करंजीडोल में बिजली विभाग की कार्रवाई के बाद पेयजल संकट गंभीर हो गया है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के अधिकांश हैंडपंप सूख चुके हैं, जिससे लोग झरिया और तालाबों से पानी लाने को मजबूर हैं। गर्मी बढ़ने के साथ यह समस्या और विकराल होती जा रही है।
नल-जल योजना बंद होने से बढ़ी समस्या
ग्रामीणों और पूर्व सरपंच पूरनसिंह ढिकारे ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा नल-जल योजना संचालित की जा रही थी, लेकिन मोटर गिर जाने और जल स्रोत में पानी की कमी के कारण यह योजना बंद हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के कुछ किसानों के कुओं से पीने के पानी की व्यवस्था की, जहां अभी भी पर्याप्त पानी उपलब्ध था।
किसानों पर बिजली विभाग की सख्त कार्रवाई
जानकारी के अनुसार लगभग सात किसानों के कुओं से मोटर पंप के माध्यम से ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा था। इसी बीच बिजली विभाग के सहायक अभियंता द्वारा बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए संबंधित किसानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। किसानों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए, उन पर जुर्माना लगाया गया और मोटर पंप व स्टार्टर भी जब्त कर लिए गए।
महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की इस कार्रवाई से पूरे गांव में जल संकट और बढ़ गया है। पीने के पानी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण महिलाएं और बच्चे दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। इससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि जिन किसानों के कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें तत्काल पुनः जोड़ा जाए और गांव में पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही भीमपुर डीसी और चिचोली डिवीजन के अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
