टाइम्स नाउ मध्य प्रदेश संवादाता रामराव देशमुख बैतूल +91 94250 02494
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महिलाओं का प्रदर्शन, कांग्रेस पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप
बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल जिला कार्यालय में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए महिला पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को अधिकार संपन्न बनाने तथा संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों का विरोध किया है। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने देश की आधी आबादी का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि जिस समाज और राष्ट्र ने महिलाओं को अधिकारों से वंचित किया, वह कभी आगे नहीं बढ़ सके।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत करोड़ों शौचालयों का निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को प्राथमिकता, तीन तलाक कानून और लखपति दीदी योजना जैसे कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का यह आक्रोश गांव-गांव और गली-गली में जागरूकता फैलाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर यह बताना होगा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के कारण महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ नहीं मिल सका।
सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे, विधायक गंगा उइके, महेंद्र सिंह चौहान तथा डॉ. योगेश पंडाग्रे ने भी संबोधित किया। महिला पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने विपक्षी नेताओं के पुतले भी जलाए। बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
