मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में एक बार फिर अंदरूनी हलचल देखने को मिली है। आलीराजपुर के बाद अब रतलाम ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा ऐसे समय सामने आया है, जब प्रदेश कांग्रेस में हाल ही में बड़े स्तर पर संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं। महज चार महीने के भीतर जिला अध्यक्ष का पद छोड़ना पार्टी के भीतर स्थिरता और समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। हर्ष विजय गहलोत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजे अपने त्यागपत्र में पारिवारिक कारणों और विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी जिम्मेदारियों का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में वे जिला अध्यक्ष पद को अपेक्षित समय और ध्यान नहीं दे पा रहे हैं, इसलिए संगठनात्मक दायित्व से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है।

रतलाम ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद पर हर्ष विजय गहलोत की हुई थी नियुक्ति
गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाली थी। इसके बाद अगस्त 2025 में प्रदेशभर के 71 जिला कांग्रेस अध्यक्षों की घोषणा की गई थी। लंबे समय से रिक्त रतलाम ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद पर हर्ष विजय गहलोत की नियुक्ति हुई थी, लेकिन चार महीने के भीतर ही उनका इस्तीफा सामने आ गया। इससे पहले 6 दिसंबर को आलीराजपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल भी व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर पद छोड़ चुके हैं। खास बात यह है कि इस्तीफे से ठीक एक दिन पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने 780 ब्लॉक और उप-ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। ऐसे में लगातार हो रहे इस्तीफे संगठन के भीतर असंतोष या आपसी समन्वय की कमी की ओर संकेत कर रहे हैं। अब आने वाले दिनों में प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
डेली अपडेट एवं लेटेस्ट समाचार के लिए टाइम्स नाउ मध्यप्रदेश के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़े – क्लिक करे

आलीराजपुर अध्यक्ष ने भी छोड़ा था पद
रतलाम से पहले आलीराजपुर में भी कांग्रेस को झटका लगा था। 6 दिसंबर को आलीराजपुर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने भी अपने पत्र में व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया था। पटेल ने लिखा था कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान संगठन को मजबूत करने का हरसंभव प्रयास किया है, लेकिन अब वे निजी वजहों से पद छोड़ रहे हैं।
यह भी पढ़िए : बैतूल : टाहली गांव में मक्का उत्पादन का नया रिकॉर्ड, MRM 4064 बनी किसानों की पहली पसंद
ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के अगले दिन इस्तीफा
दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपना दो साल का कार्यकाल पूरा करते हुए मंगलवार को ही प्रदेश भर में 780 ब्लॉक और उप-ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां की थीं। संगठन को मजबूत करने की इस कवायद के ठीक अगले ही दिन रतलाम जिला अध्यक्ष का इस्तीफा सामने आ गया। इसे लेकर पार्टी के भीतर सुगबुगाहट तेज हो गई है।

