टाइम्स नाउ मध्य प्रदेश न्यूज़ डेस्क भोपाल
पिपरिया शहर के रहने वाले उदित पुरविया ने कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। उन्हें इंफ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2025 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार सेज यूनिवर्सिटी, भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में दिया गया। उदित पुरविया नर्मदापुरम जिले के सबसे बड़े और चर्चित इंफ्लुएंसर हैं। वे इंस्टाग्राम पर @uditgpt नाम से अपना पेज चलाते हैं, जहां उनके 7.6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उदित अपने छोटे और आसान वीडियो के माध्यम से टेक्नोलॉजी, एआई और नएगैजेट्स की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाते हैं। उनके वीडियो हर उम्र के लोगों को आसानी से समझ में आते हैं, इसी वजह से उनका पेज तेजी से लोकप्रिय हुआ है।

सोशल मीडिया पर मजबूत पहचान के चलते उदित अपने इंस्टाग्राम पेज से हर महीने लगभग 1.5 लाख से 2 लाख रुपये तक की कमाई कर रहे हैं। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है कि मेहनत और सही दिशा में काम करके सोशल मीडिया को भी करियर बनाया जा सकता है। अवॉर्ड मिलने पर उदित पुरविया ने कहा, “यह अवॉर्ड उन सभी लोगों का है जो मुझे लगातार सपोर्ट करते हैं।” भविष्य में उदित और ज्यादा लोगों तक टेक्नोलॉजी से जुड़ी सही और उपयोगी जानकारी पहुंचाना चाहते हैं। उदित पुरविया की इस उपलब्धि से पिपरिया और पूरे नर्मदापुरम जिले का नाम रोशन हुआ है।

