मनोहर अग्रवाल की रिपोर्ट
नागपुर–भोपाल नेशनल हाईवे पर सपना डैम के पास कार पलटी, सड़क पर पड़ी गिट्टी बनी हादसे की वजह।
बैतूल:- नागपुर–भोपाल नेशनल हाईवे पर सपना डैम के पास सड़क पर अत्यधिक मात्रा में पड़ी गिट्टी के कारण एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार चला रहे चालक को चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार बेंगलुरु से वृंदावन जा रही थी। कार चालक का नाम दिलीप चौबे बताया जा रहा है। गिट्टी पर फिसलन के चलते वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया। एंबुलेंस मौके पर पहुंच चुकी है और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सड़क पर पड़ी गिट्टी हटाने की कार्रवाई भी कराई जा रही है।


