टाइम्स नाउ मध्यप्रदेश संवादाता सुखनंदन उइके भीमपुर बैतूल।
सोशल मीडिया पर गाय से दुष्कर्म का वीडियो वायरल होने के बाद बैतूल जिले के दामजीपुरा क्षेत्र में रविवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। वीडियो सामने आते ही आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी युवक की दुकान सहित कुल तीन दुकानों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इनमें दो पंचर की दुकानें और एक रेडियो की दुकान शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद सुबह करीब 10 बजे से ही क्षेत्र में बवाल शुरू हो गया था। सबसे पहले आरोपी की दुकान को निशाना बनाया गया, इसके बाद पास की अन्य दुकानों में भी आगजनी की गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों और जिलों से भी लोग दामजीपुरा पहुंचने लगे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

उपद्रव की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस एवं प्रशासन की तत्परता से फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मोहदा थाना प्रभारी वी.के. मौर्य ने बताया कि जिस युवक पर आरोप है, उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के इतना बड़ा रूप लेने का अनुमान नहीं था।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी ने बताया कि वे उस समय हरदा में थीं, लेकिन एसडीओपी से लगातार संपर्क में हैं। पुलिस बल मौके पर मौजूद है, थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर हैं और वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। दुकानों में लगी आग को बुझा दिया गया है।
घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
