न्यूज़ डेस्क टाइम्स नाउ मध्यप्रदेश भोपाल
CMRS ने तीन चरणों में किया निरीक्षण, ‘ओके रिपोर्ट’ जारी
भोपाल मेट्रो के कमर्शियल रन को लेकर बड़ी राहत मिली है। कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) ने तीन बार किए गए निरीक्षण के बाद मेट्रो को ग्रीन सिग्नल दे दिया है। रिपोर्ट में सभी मानकों को ‘ओके’ बताया गया है, जिससे दिसंबर में सुभाषनगर से AIIMS तक चलने वाले प्रायोरिटी कॉरिडोर के शुरू होने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं।
लोकार्पण को लेकर चर्चा जारी, पीएम मोदी बना सकते हैं पहला सफर
मेट्रो के उद्घाटन के लिए 13 दिसंबर की तारीख पर चर्चा की गई थी, हालांकि इसे आगे बढ़ाने की बात भी सामने आई है। संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाएं और इसके पहले यात्री भी बनें। इंदौर मेट्रो का उन्होंने वर्चुअली लोकार्पण किया था, इसलिए भोपाल में भी वर्चुअल उद्घाटन की संभावना है, हालांकि इस पर अंतिम निर्णय बाकी है।

डिपो से ट्रैक तक, हर हिस्से की बारीकी से जांच
CMRS की टीम 12 से 15 नवंबर के बीच भोपाल में रही और लगातार तीन दिनों तक मेट्रो के डिपो, ट्रैक, स्टेशनों और ट्रेन कोचों का विस्तृत निरीक्षण किया। कमिश्नर नीलाभ्र सेनगुप्ता के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, सिग्नलिंग और उपकरणों की गहन जांच की। यह उनका तीसरा दौरा था और अंतिम रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी गई है।
ऑनलाइन टिकटिंग नहीं, अभी मैन्युअल सिस्टम से मिलेगा टिक
शुरुआती कमर्शियल रन में टिकटिंग ऑनलाइन नहीं होगी। तुर्की की कंपनी का टिकटिंग कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया गया है, इसलिए नई कंपनी के आने तक मैन्युअल टिकटिंग लागू रहेगी। इंदौर मेट्रो में भी यही व्यवस्था अपनाई गई है।

तैयारियां पूरी, स्टेशन का कुछ काम बाकी पर सेवा प्रभावित नही
मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। स्टेशन के कुछ हिस्सों में कार्य शेष है, लेकिन इससे कमर्शियल रन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। अब केंद्र से अंतिम मंजूरी मिलते ही भोपाल मेट्रो शहरवासियों को सफर की नई सौगात देने को तैयार है।

